स्वास्थ्य कर्मियों को ट्रॉमा एवं कार्डियक मैनेजमेंट का विशेष प्रशिक्षण




शिवपुरी जिले के सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने के उद्देश्य से एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का संचालन मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय ऋषिश्वर के मार्गदर्शन में किया गया, जिसमें जिलेभर के चिकित्सा अधिकारियों, स्टाफ नर्स एवं पैरामेडिकल स्टाफ ने सहभागिता की।

कार्यशाला में BIMR हॉस्पिटल्स, ग्वालियर के वरिष्ठ विशेषज्ञों द्वारा स्वास्थ्य कर्मियों को ट्रॉमा, कार्डियक इमरजेंसी, स्ट्रोक एवं न्यूरोलॉजिकल इमरजेंसी के मामलों में शुरुआती उपचार और त्वरित निर्णय लेने की तकनीकों का प्रशिक्षण दिया गया।

इस दौरान डॉ. अंकुर अग्रवाल ने हार्ट अटैक, कार्डियक अरेस्ट एवं गंभीर हृदय रोगों के मामलों में त्वरित प्रबंधन, CPR तकनीक तथा ‘गोल्डन ऑवर’ में मरीज को स्थिर करने के महत्वपूर्ण उपायों की जानकारी दी।

वहीं डॉ. ईशान मिश्रा ने गंभीर हेड इंजरी, एक्सीडेंटल ट्रॉमा, स्ट्रोक एवं न्यूरोलॉजिकल इमरजेंसी में शुरुआती प्राथमिक उपचार और समय पर सही निर्णय लेने की प्रक्रिया पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय ऋषिश्वर ने कहा कि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में तैनात स्वास्थ्य कर्मियों की दक्षता बढ़ने से दुर्घटना एवं हृदय संबंधी गंभीर मामलों में मरीजों को रेफरल से पहले ही आवश्यक जीवनरक्षक उपचार उपलब्ध कराया जा सकेगा।

यह प्रशिक्षण आपातकालीन परिस्थितियों में “सही समय पर सही उपचार” सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।